Next Story
Newszop

हॉस्पिटल में विवाहिता की मौत के बाद हंगामा! पुलिस पर मृतका की मां को धक्का देने का आरोप, हत्या की आशंका

Send Push

विवाहिता की मौत के मामले में जिला अस्पताल में हंगामा हो गया। मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। शव को ससुराल से एंबुलेंस में अस्पताल लाया गया। इसके बाद मृतका की मां व एक अन्य महिला एंबुलेंस के आगे खड़ी हो गईं। इस पर सादे कपड़ों व पुलिस वर्दी में आए दो पुलिसकर्मियों ने उन्हें धक्का दे दिया। एएसआई श्यामलाल ने बताया- केसरौली गांव में महिला के आत्महत्या करने की सूचना कंट्रोल रूम से शाम सात बजे मिली थी। 

मौके पर पहुंचकर शव को जिला अस्पताल लाया गया। ससुराल वालों का दावा है कि शहनाज मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी और कुछ देर बाद उसने कमरे में फांसी लगा ली। फिलहाल मायके वालों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। अब अगर परिजन अलग से शिकायत देते हैं तो उसके अनुसार जांच की जाएगी।

दहेज प्रताड़ना का आरोप
मृतका की मां तारा देवी का कहना है- उसकी बेटी शहनाज की शादी कई साल पहले हुई थी। उसके चार बच्चे हैं। चार साल पहले छोटी बेटी की शादी में कार गिफ्ट की गई थी, जिसके बाद शहनाज के ससुराल वाले भी कार की मांग करने लगे और उसके साथ मारपीट करने लगे। बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा और आखिरकार उसकी हत्या कर उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। 

परिवार ने एक वीडियो के आधार पर दावा किया कि बेटी की हत्या की गई है। वीडियो दिखाते हुए उन्होंने कहा कि उसे एक चारपाई के सहारे लटकाया गया, जिसकी ऊंचाई इतनी नहीं थी कि कोई आत्महत्या कर सके। मां तारा देवी के रोने के बावजूद पुलिस ने असंवेदनशीलता दिखाई और उनकी बातों को अनसुना कर दिया। इतना ही नहीं, उन्हें धक्का भी दिया गया।

Loving Newspoint? Download the app now