नाहन, 8 सितंबर (Udaipur Kiran) । सिरमौर जिले में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जहां सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं जिला मुख्यालय नाहन में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से शहर में जल आपूर्ति बुरी तरह से प्रभावित हुई है।
नाहन शहर को तीन मुख्य योजनाओं खेरी पेयजल योजना, नैहर सवार योजना और गिरि पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है। इनमें से खेरी और गिरि योजना बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं। जल शक्ति विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद खेरी योजना को आंशिक रूप से बहाल कर दिया है, जिससे कुछ हद तक राहत मिली है।
हालांकि, मुख्य गिरि पेयजल योजना, जो कि जलाल नदी से जल आपूर्ति करती है, भूस्खलन के कारण अभी तक बहाल नहीं हो सकी है। लगातार हो रहे भू-स्खलन के कारण मरम्मत कार्य में बाधा आ रही है।
जल शक्ति विभाग नाहन के एक्सियन देवानंद पुंडीर ने जानकारी दी कि वर्तमान में शहर को तीसरे दिन क्रमवार जलापूर्ति की जा रही है। शहर में प्रतिदिन लगभग 44 लाख लीटर पानी की आवश्यकता होती है, जबकि इस समय चालू योजनाओं से लगभग 32 लाख लीटर पानी ही मिल पा रहा है।
जल संकट को दूर करने के लिए विभाग सरकारी टैंकरों के माध्यम से भी जल आपूर्ति कर रहा है। उन्होंने बताया कि गिरि पेयजल योजना कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है और उसे दुरुस्त करने का काम युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन लगातार वर्षा और भूस्खलन के चलते दिक्कतें आ रही हैं।
एक्सियन देवानंद पुंडीर ने शहरवासियों से संयम बरतने और विभाग को सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल संकट से जल्द निजात दिलाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर
You may also like
छंगतु में 2025 गोल्डन पांडा अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक मंच आयोजित
कृत्रिम मिठास का याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता पर पड़ता है असर: अध्ययन
नैनीताल में प्राकृतिक आपदा से 443 करोड़ का नुकसान, सड़कों-बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण पर जोर
चीन में नई ऊर्जा बसों का हिस्सा 82.7 प्रतिशत तक पहुंचा
घुटनों में दर्द है?` नहीं बचे चलने लायक? बस 7 दिन करें ये उपाय फर्क होगा खुद महसूस